बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के जोशी कॉलोनी महुआर में महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों पर लाठी-डंडे से हमला करने, गाली-गलौज करने और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि मारपीट में उसका हाथ टूट गया, जबकि उसके बेटे को भी चोटें आई हैं। शिकायत लेकर महिला सिटी डीएसपी के पास पहुंची, जिसके बाद हरला थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की बात कही जा रही है।पीड़ित महिला की पहचान जोशी कॉलोनी निवासी नीलमणि देवी के रूप में हुई है। महिला का आरोप है कि 19 सितंबर को पड़ोस में रहने वाले संजय सिंह, रोहित, रितु और संजय सिंह के मित्र अप्पू सिंह ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि लाठी-डंडे से किए गए हमले में महिला के हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ टूट गया।
नीलमणि देवी ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसके तीन मोबाइल फोन छीन लिए गए। घटना में महिला के पुत्र राम बोदरा को भी चोटें आई हैं। राम बोदरा के मुताबिक, पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ था और इसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की।घटना के बाद सोमवार को महिला शिकायत लेकर सेक्टर-4 एससी-एसटी थाना पहुंची। वहां मामला दर्ज नहीं होने के बाद उसने सिटी डीएसपी के समक्ष अपनी शिकायत रखी और आवेदन सौंपा। पीड़ित पक्ष के अनुसार, सिटी डीएसपी के आश्वासन के बाद हरला थाना पुलिस को मामले में कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा गया।
फिलहाल पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले में दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही मारपीट और मोबाइल छीनने के आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
