गढ़वा जिले में SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पलामू प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने बुधवार को जिले में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण और डिजिटाइजेशन कार्यों का औचक निरीक्षण किया। गढ़वा पहुंचने पर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने सर्किट हाउस में प्रमंडलीय आयुक्त का स्वागत किया। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के आरके गोविंद प्लस-2 हाई स्कूल और पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जाटा का निरीक्षण किया। वहीं 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के श्री बंशीधर नगर स्थित प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय और नरही पंचायत सचिवालय का भी जायजा लिया।
उन्होंने SIR के तहत चल रहे डिजिटाइजेशन ड्राइव, जनसुनवाई कार्यक्रम और फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की समीक्षा की। अधिकारियों और कर्मियों से कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सभी स्थानों पर SIR से संबंधित कार्य संतोषजनक और व्यवस्थित पाए गए। प्रमंडलीय आयुक्त और जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने मौके पर मौजूद नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। गढ़वा जिले में अब तक फॉर्म-6 के माध्यम से करीब 27 हजार मतदाताओं के नाम जोड़े जा चुके हैं। प्रमंडलीय आयुक्त ने इस प्रगति पर संतोष जताते हुए छूटे हुए पात्र नागरिकों तक पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया। 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर हेल्प डेस्क लगाया जाएगा। वहीं, 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान घर-घर जाकर ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित किया जाएगा, जो पुनरीक्षण प्रक्रिया से छूट गए हैं।
