Hindi News / पलामू में तदाशा मिश्रा ने क्राइम और नक्सल गतिविधियों पर की उच्चस्तरीय समीक्षा

झारखंड DGP अपराध नियंत्रण पर सख्त : पलामू में तदाशा मिश्रा ने क्राइम और नक्सल गतिविधियों पर की उच्चस्तरीय समीक्षा

Edited By:  |
jharkhand dgp apradh niyantran par shakht jharkhand dgp apradh niyantran par shakht

पलामू:झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा शुक्रवार को पलामू पहुंचीं,जहां उन्होंने पलामू प्रमंडल में अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. पुलिस अधीक्षक के ब्लॉक-बी कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह, आईजी सीआईडी अजय लिंडा, पलामू डीआईजी किशोर कौशल, पलामू एसपी कपिल चौधरी, लातेहार एसपी कुमार गौरव तथा गढ़वा एसपी आशुतोष शेखर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में महिला संबंधी अपराध, एससी-एसटी अत्याचार के मामले, जघन्य अपराधों तथा लंबित कांडों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई. इसके साथ ही नक्सल विरोधी अभियानों और अपराध नियंत्रण को लेकर भविष्य की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई.

आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश

समीक्षा बैठक के बाद डीजीपी ने तीनों जिलों के डीएसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों के साथ अलग से बैठक की. वहीं, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर सुरक्षा और व्यवसायिक गतिविधियों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई. इसके बाद पुलिस केंद्र पलामू में आयोजित पुलिस सभा में डीजीपी ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, एससी-एसटी मामलों के त्वरित निष्पादन और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए. उन्होंने पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने पर विशेष जोर दिया.