झारखंड की बाबानगरी देवघर से एक बड़ी खबर है। यहाँ दिनदहाड़े अपराधियों ने एक कपड़ा व्यवसायी को अपना निशाना बनाया है। पिस्तौल के बल पर 5 लाख 60 हजार रुपये की बड़ी लूट की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।जानकारी के मुताबिक, पीड़ित व्यवसायी राजेंद्र मंडल जिला के कुंडा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और बलियचौक पर अपनी कपड़े की दुकान चलाते हैं।दुर्गा पूजा के दौरान हुई बिक्री की नकद राशि को वे बैंक में जमा कराने के लिए घोरपरास स्थित सिंडिकेट बैंक जा रहे थे। लेकिन किसे पता था कि रास्ते में कुछ अपराधी पहले से ही उनकी टोह में बैठे हैं.
जैसे ही व्यवसायी अपनी दुकान से बैंक के लिए निकले, पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल का पीछा करना शुरू कर दिया और रास्ते में उन्हें रोक लिया।दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार तीन अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया और 5 लाख 60 हजार रुपये से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लूट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी दो अलग-अलग दिशाओं में भागे—एक अपराधी अपाचे बाइक से और दो अन्य पल्सर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही देवीपुर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है।
