झरिया में जोरदार धमाके के साथ भू धंसान : जहरीला धुआं के साथ आग की दिखी लपटें,बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
धनबाद: झरिया में एक बार फिर जमीन धंसने की घटना से हड़कंप मच गया है. लोदना थाना क्षेत्र के बरारी छह नंबर बस्ती में गुरुवार को जोरदार धमाके के साथ अचानक जमीन धंस गई. जमीन में गहरी दरारें पड़ गई और दरारों से जहरीला धुआं निकलने के साथ आग की लपटें भी दिखाई देने लगी. घटना के बाद आस-पास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि जमीन के नीचे आग और जहरीली गैस का खतरा बढ़ सकता है.
वहीं, भू-धंसान वाली जगह के पास से लक्ष्मी कॉलोनी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क भी गुजरती है. लोगों को डर है कि अगर भू-धंसान का दायरा बढ़ा तो सड़क भी इसकी चपेट में आ सकती है. स्थानीय नेता सबूर गोराई ने घटना के पीछे अवैध कोयला खनन और कथित अवैध सुरंगों को जिम्मेदार ठहराते हुए बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
सूचना मिलने पर बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया. प्रबंधन ने प्रभावित क्षेत्र में भराई कराने का आश्वासन दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थायी समाधान के लिए पहले जमीन के नीचे की स्थिति की जांच और आग व गैस के खतरे को खत्म करना जरूरी है.





