जमुई:जिले में सरकारी जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े के मामले में आर्थिक अपराध इकाई की विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू यादव, छोटेलाल यादव और प्रदीप चौधरी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि मामला सिकंदरा और झाझा इलाके में जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े से संबंधित है। आरोप है कि कमजोर और असहाय लोगों की जमीन को हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा जमीन को तीसरे व्यक्ति के नाम पर कथित तौर पर फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराने की बात भी सामने आई है।

 गुड्डू यादव समेत तीन आरोपी गिरफ्तार,करीब 10 एकड़ जमीन की फर्जी जमाबंदी का मामला

जांच के दौरान करीब 10 एकड़ सरकारी जमीन की फर्जी जमाबंदी कराए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन का दाखिल-खारिज कराने का भी आरोप है। आर्थिक अपराध इकाई की विशेष टीम ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 गुड्डू यादव समेत तीन आरोपी गिरफ्तार,करीब 10 एकड़ जमीन की फर्जी जमाबंदी का मामला

जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाने में जुटी हैं। जमीन से जुड़े दस्तावेजों, जमाबंदी और रजिस्ट्री से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जमीन फर्जीवाड़े से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच जारी है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी जमीन को फर्जी तरीके से अपने कब्जे या अन्य व्यक्तियों के नाम कराने की प्रक्रिया में कौन-कौन लोग शामिल थे।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट