जमुई: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और मारपीट के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया है. कुंदर बराज के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है. उसके साथी हरेराम यादव का भी भागने के दौरान पैर टूट गया है. दोनों को पुलिस अभिरक्षा में जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बता दें कि यह शर्मनाक घटना 19 सितंबर की शाम की है. 10वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा अपने सहपाठी दोस्त के साथ कोचिंग से स्कूटी पर घर लौट रही थी. इसी दौरान जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ी के पास 7-8 मनचलों ने उनका रास्ता रोक लिया. आरोपियों ने छात्रा के साथ बदसलूकी, अश्लील हरकत और जबरन उठाने का प्रयास किया. दोस्त ने विरोध किया तो उसकी बेरहमी से पिटाई की गई. वायरल वीडियो में पीड़िता हाथ जोड़कर छोड़ने की गुहार लगाती दिख रही है.
वीडियो 20 सितंबर को सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे बिहार में हड़कंप मच गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के नेतृत्व में एक महिला अधिकारी की अगुवाई मेंSITगठित की गई.ADGकानून-व्यवस्था ने बताया किPOCSOएक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
आज सुबहSITमुख्य आरोपी नंदन यादव को घटनास्थल पर साक्ष्य बरामदगी और निशानदेही के लिए मड़वा पहाड़ ले गई थी. इसी दौरान नंदन ने पुलिस टीम पर हमला कर भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की,जिसमें उसके पैर में गोली लगी. इसे हाफ एनकाउंटर कहा जा रहा है. भागने की कोशिश में उसका साथी हरेराम यादव गिर गया और उसका पैर टूट गया.
पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है. इनमें 3 नाबालिग भी शामिल हैं. मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव दोनों प्रतापपुर गांव के रहने वाले और बालिग हैं. एक आरोपी अभी भी फरार है,जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है.
जमुई से नंदन निराला की रिपोर्ट---
