जहानाबाद में डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी : प्रशासनिक महकमे में हड़कंप,तलाशी अभियान तेज
जहानाबाद:शहर के मुख्य बाजार में संचालित डाकघर को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. धमकी भरा ई-मेल मिलते ही डाक विभाग के अधिकारियों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और वरीय अधिकारियों को दी है. जिसके बाद पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य डाकघर परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.
पुलिस द्वारा डाकघर के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है. सुरक्षा के मद्देनजर डाकघर में आने-जाने वाले लोगों की आवाजाही पर भी कुछ समय के लिए रोक लगाई गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमकी डाक विभाग के आधिकारिक ई-मेल पर भेजा गया था,जिसमें डाकघर को बम से उड़ाने की बात कही गई है. इसकी पूरी जानकारी पोस्टमास्टर अर्जुन राम ने दी है. हालांकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है.
वहीं, पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है. गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में देश के विभिन्न राज्यों में डाकघरों और पासपोर्ट सेवा केंद्रों को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिलने की घटनाएं सामने आई है.जिन्हें लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर है और सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है. मामले की जांच जारी है और ई-मेल की तकनीकी पड़ताल की जा रही है.





