'कांग्रेस-आरजेडी छीन लेगी आपके बच्चों की संपत्ति' : स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय का बड़ा बयान, कहा : कांग्रेस की नीतियां देश को बर्बाद करने वाली

Edited By:  |
Reported By:
 Health Minister Mangal Pandey big statement on Congress-RJD  Health Minister Mangal Pandey big statement on Congress-RJD

PATNA :बिहार सरकार के स्वास्थ्य एवं कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के उस बयान की कड़ी आलोचना की है, जिसमें उन्होंने कहा है कि देश में अमेरिका की तर्ज पर विरासत टैक्स लगना चाहिए। कांग्रेस की सरकार आएगी तो इस पर चर्चा की जाएगी।

मंगल पाण्डेय ने कहा कि मैं देश की जनता से अपील करना चाहता हूं कि वो लोकसभा चुनाव में किसी कीमत पर कांग्रेस-आरजेडी को अपना बहुमूल्य मत न दें। इंडी गठबंधन ने अपनी मंशा उजागर कर दी है कि अगर वो सत्ता में आएगी तो देश की जनता की निजी और बहुमूल्य संपत्ति छीन लेगी। इंडी गठबंधन आपके मेहनत से अर्जित की गयी संपत्ति आपके बच्चों के लिए नहीं छोड़ेगी बल्कि उसका 55 प्रतिशत हिस्सा कब्जा कर लेगी।

मंगल पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा का बयान अति निंदनीय है, जिसमें वो अमेरिका की तर्ज पर विरासत टैक्स लगाने का जिक्र कर रहे हैं। कांग्रेस की नीतियां हमेशा देश को बर्बाद करने वाली हैं। कांग्रेस ने हमेशा देश की जनता को सड़क पर लाकर अपने खजाने को भरा है।

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने अमेरिका के शिकागो में कहा है कि अमेरिका में विरासत टैक्स लगता है, जिसका मतलब है कि अगर किसी के पास 100 रुपये है तो वह केवल 45 रुपये ही अपने बच्चों को दे सकता है। बाकी का 55 फीसदी कांग्रेसी व्यवस्था हड़प लेगी। अब यही व्यवस्था भारत में कांग्रेस लाने की कोशिश में है।

मंगल पाण्डेय ने कहा कि देश में वोटरों को कांग्रेस की योजनाओं से सचेत हो जाना चाहिए। ये पार्टी कभी सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांगती है तो कभी चीन और पाकिस्तान का समर्थन करती है। तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार इनके एजेंडे में सर्वोपरि रहा है। अब तो अपनी मेहनत और उद्यम से बनाई संपत्ति छीन लेने की योजना इंडी गठबंधन की है।

सैम पित्रोदा वहीं शख्स हैं, जो राहुल गांधी के पिता पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के भी सलाहकार थे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के निजी सलाहकार भी हैं। उनकी बनायी योजना पर पार्टी अमल करती रही है। इस पार्टी ने सेना के शहीदों का अपमान किया, द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर अनुसूचित जाति का अपमान किया, राहुल ने यूपी में युवाओं को नशे में डूबा हुआ बोलकर अपमानित किया। वहीं, किसानों और गरीबों को हमेशा धोखे में रखा। इन सभी का जवाब देश की जनता एनडीए गठबंधन को 400 पार करके देगी।


Copy