हजारीबाग:शहर मेंनगर निगम ने शहर में नियमों को ताक पर रखकर बन रही बड़ी इमारतों की जांच कराने की तैयारी शुरू कर दी है. निगम की नजर खास तौर पर लॉज, हॉस्टल, अपार्टमेंट और ऐसे अन्य भवनों पर है,जहां बड़ी संख्या में लोग रहते या ठहरते हैं. महापौर अरविंद कुमार राणा ने बताया कि भवनों की जांच के लिए आदेश दिया जा चुका है. जांच के दौरान भवन का नक्शा स्वीकृत है या नहीं, निर्माण की अनुमति ली गई है या नहीं और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया है या नहीं, इसकी जांच की जाएगी. महापौर ने कहा कि शहर के कई गली-मोहल्लों में कम जगहों के बीच बहुमंजिला भवन और अपार्टमेंट बनाए जा रहे हैं. ऐसे निर्माण में तय नियमों का पालन हुआ है या नहीं,यह जांच के बाद स्पष्ट होगा. जांच में जिन भवनों का नक्शा स्वीकृत नहीं पाया जाएगा या निर्माण में नियमों का उल्लंघन सामने आएगा,उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. निगम का कहना है कि बिना उचित योजना और सुरक्षा मानकों के भवन निर्माण से भविष्य में गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है. दिल्ली में हुई भवन संबंधी घटना को देखते हुए भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई जा रही है.