बिहार क्रिकेट एसोसिएशन यानी BCA के प्रशासन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को अहम आदेश दिया है। कोर्ट ने रिटायर्ड जस्टिस अश्वनी कुमार सिंह को BCA का नया एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त किया है। इसके साथ ही अब एसोसिएशन के महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसले एडमिनिस्ट्रेटर की निगरानी और मंजूरी के दायरे में रहेंगे। आदेश के मुताबिक BCA की ओर से किए जाने वाले प्रशासनिक और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाने से पहले एडमिनिस्ट्रेटर की मंजूरी जरूरी होगी।
BCA के कामकाज को लेकर लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले एसोसिएशन के कामकाज की समीक्षा के लिए लोकपाल की नियुक्ति की थी। लोकपाल की रिपोर्ट में BCA और जिला क्रिकेट संघों से जुड़े कई मामलों की जांच की जरूरत बताई गई थी। रिपोर्ट में प्रक्रिया पूरी होने के बाद BCA और जिला क्रिकेट संघों के चुनाव दोबारा कराने की सिफारिश भी की गई थी।
इससे पहले 20 अगस्त 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने ओडिशा हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश चक्रधारी शरण सिंह को BCA का एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त किया था। हालांकि, उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए पद संभालने में असमर्थता जताई। इसके बाद BCA के प्रशासन को लेकर मामला फिर सुप्रीम कोर्ट के सामने पहुंचा।
सुनवाई के दौरान अदालत के सामने BCA की प्रस्तावित आम सभा और एसोसिएशन के मौजूदा कामकाज से जुड़े मुद्दे भी रखे गए। इसके बाद कोर्ट ने नया एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त करने का आदेश दिया।
अब अश्वनी कुमार सिंह की निगरानी में BCA की महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। जिला क्रिकेट संघों और चुनाव से जुड़े मामलों में भी उनकी भूमिका अहम हो सकती है। टीम चयन से संबंधित अधिकारों को लेकर स्थिति आगे के आदेश और प्रशासनिक प्रक्रिया से स्पष्ट होगी।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट

