पटना: बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने हड़ताल पर गए राजस्व कर्मचारियों और अमीन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हड़ताल पर गए कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दे दिया गया है। साथ ही उनके डोंगल भी सरकार ने वापस ले लिए हैं। सरकार अब दूसरे राजस्व कर्मचारियों के माध्यम से कामकाज संचालित करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में सरकार का कामकाज बंद नहीं होगा और जनता को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

हड़ताली कर्मचारियों पर सरकार सख्त
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सरकार ने हड़ताल पर जाने वाले राजस्व कर्मचारियों और अमीन की मांगों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया था। इसके बावजूद कर्मचारी हड़ताल पर अड़े रहे। ऐसे में सरकार को कार्रवाई करनी पड़ी।

उन्होंने कहा कि कर्मचारी हड़ताल करना चाहते हैं तो करें, लेकिन सरकारी कामकाज किसी भी हाल में प्रभावित नहीं होना चाहिए। जनता के काम रुकने नहीं चाहिए। इसी वजह से सरकार ने दूसरे कर्मचारियों के जरिए कामकाज जारी रखने का फैसला किया है।

NDAकी बैठक पर बोले-BJPऔरJDUमें कोई दिक्कत नहीं
मुख्यमंत्री की ओर से बुलाई गई एनडीए की बड़ी बैठक को लेकर भी दिलीप जायसवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आज बैठक बुलाई गई है, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। हालांकि, उन्होंने इसे नियमित बैठक बताया।

बीजेपी और जेडीयू के बीच किसी तरह के मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच कोई दिक्कत नहीं है। कुछ लोग सरकार बनाने का ख्वाब देख रहे हैं, लेकिन इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।

उन्होंने गठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि हम लोग पूरी तरह एक साथ हैं और पांचों पांडव की तरह मजबूती से खड़े हैं।

अग्निवीर योजना को लेकर दिया बड़ा बयान
अग्निवीर योजना की सेवा अवधि बढ़ाए जाने के सवाल पर मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि अग्निवीर नरेंद्र मोदी जी का अग्निवीर है और यही अग्निवीर हमारी सरकार की स्पेशल फोर्स है।

मधुबनी की घटना पर तेजस्वी यादव को घेरा
मधुबनी की घटना को लेकर तेजस्वी यादव के आंदोलन और उनके मधुबनी दौरे पर भी दिलीप जायसवाल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को पहले पूरे मामले की जानकारी लेनी चाहिए।

मंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सरकार ने दरोगा को लोगों पर फायरिंग करने का आदेश दिया था? उन्होंने कहा कि जिसने भी फायरिंग की है, वह अपराधी है और उसकी गिरफ्तारी भी होगी। सरकार इस मामले में कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। तेजस्वी यादव को कम से कम मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद ही बयान देना चाहिए।

कई मुद्दों पर मंत्री के बयान से बिहार की सियासत गर्म
राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल, एनडीए की एकजुटता, अग्निवीर योजना और मधुबनी की घटना को लेकर मंत्री दिलीप जायसवाल के बयानों ने बिहार की राजनीतिक हलचल को एक बार फिर तेज कर दिया है। अब इन मुद्दों पर विपक्ष की प्रतिक्रिया और सरकार के अगले कदम पर सबकी नजरें रहेंगी।

पटना से अंकित कुमार की रिपोर्ट