गोपालगंज में सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक : एससी-एसटी एक्ट मामलों में एफआईआर और चार्जशीट में तेजी के निर्देश
गोपालगंज: जिला समाहरणालय में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में जिलास्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की पहली बैठक आयोजित की गई. बैठक में सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन और बरौली विधायक मंजीत सिंह भी मौजूद रहे. इस दौरान एससी-एसटी अत्याचार अधिनियम के मामलों में त्वरित कार्रवाई और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया गया.
बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 55 लाख रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ है. इसमें से 54 लाख 39 हजार रुपये पीड़ितों और उनके आश्रितों को मुआवजे के रूप में वितरित किए जा चुके हैं. हत्या से जुड़े मामलों में 39 पीड़ितों के आश्रितों को पेंशन का लाभ भी दिया गया है.
सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार अधिनियम के तहत आने वाले मामलों में बिना किसी अनावश्यक देरी के तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए और पीड़ितों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. वहीं जिला पदाधिकारी और सांसद ने पुलिस अधिकारियों को हत्या के मामलों में लंबित आरोप पत्र जल्द तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. साथ ही 90 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया.
बैठक में जिला पदाधिकारी ने विशेष लोक अभियोजक और सरकारी अधिवक्ताओं को भी निर्देश दिया कि न्यायालय में लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जाए,ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके. बैठक में समिति के सदस्य,जिला कल्याण विभाग और संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-





