गोपालगंज के लाल का कमाल : मैट्रिक रिजल्ट में कृष्णा गुप्ता ने पूरे बिहार में हासिल की 9वीं रैंक,बना जिला टॉपर
गोपालगंज:बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा मैट्रिक परीक्षा-2026 का परिणाम जारी कर दिया गया है. इस साल भी प्रदेश के कई प्रतिभाशाली छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रौशन किया है. इसी क्रम में गोपालगंज जिले से एक गर्व की खबर सामने आई है, जहां विजयीपुर प्रखंड के मुसेहरी बाजार निवासी कृष्णा गुप्ता ने पूरे बिहार में 9वां स्थान हासिल कर जिले और अपने क्षेत्र का मान बढ़ाया है.
सीमित संसाधनों के बावजूद कृष्णा ने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. वह कुल 482 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है.अपनी सफलता का श्रेय देते हुए कृष्णा ने बताया कि उनकी मां ने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया और उन्हें हमेशा प्रेरित किया है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखते हुए सिर्फ केवल पढ़ाई के लिए यूट्यूब का उपयोग किया है.
भविष्य की योजनाओं के बारे में कृष्णा का कहना है कि वह एक सफल इंजीनियर बनना चाहते हैं. कृष्णा की इस सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है. गांव और आसपास के इलाकों में लोग उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं. स्थानीय लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का पल बताया है.
छात्र कृष्णा गुप्ता, जो कि सुधीर गुप्ता के बेटे हैं. वह मांझा प्रखंड के धर्मपरसा स्थित उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के छात्र हैं और जिले के टॉपर भी बने हैं. उनकी मां सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं, जबकि उनके पिता एक निजी संस्थान में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं.





