पटना : इस बार दुर्गा पूजा में लोगों को राजधानी में ही सीतामढ़ी का पुनौरा धाम व नैनीताल का सुप्रसिद्ध कैंची धाम के दर्शन करने का मौका प्राप्त होगा. बोरिंग रोड स्थित कृष्णापुरी में प्राइड ऑफ बिहार समिति की तरफ से सीतामढ़ी का सुप्रसिद्ध पुनौरा धाम मंदिर की तर्ज पर पंडाल का निर्माण किया जा रहा है. समिति सचिव रमेश कुमार सिंह ने वर्ष 2026 के नवरात्रि पूजा की तैयारी के बारे में कहा कि सरकार के वोकल टू लोकल आह्वान पर बंगाल,महाराष्ट्र,ओड़िसा के कारीगरों को न बुलाकर जमुई से खास कलाकारों से पंडाल का निर्माण करवाया जा रहा है. इससे बिहार के प्रतिभा को अंतराष्ट्रीय स्तर तक पहचान प्राप्त होगी.

सचिव रमेश कुमार सिंह ने कहा कि हमारी खास लाइटनिंग बिहार भर में प्रसिद्ध है. जिसके लिए बिजली कंपनियों के द्वारा आसानी से अस्थायी कनेक्शन की सुविधा दी जा रही है. इस बार बोरिंग रोड स्थित एएन कॉलेज से लेकर बोरिंग रोड चौराहा तक लाइटनिंग का काम किया जायेगा.

पंडाल के आस-पास स्कूटी के साथ पुलिस दीदी रहेगी तैनात

प्राइड ऑफ बिहार सचिव रमेश कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन के साथ हुई बैठक में यह तय किया गया कि पंडाल के आस-पास के सुरक्षा के लिए स्कूटी के साथ पुलिस दीदी की तैनाती की जायेगी. इससे महिलाओं को मेले में मां के दर्शन को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े. वहीं बच्चे व नौजवानों के लिए डॉयल112की टीम भी खड़ी की जायेगी.

मीठापुर में बन रहा भव्य कैंची धाम के तर्ज पर पंडाल

मीठापुर के गौरिया मठ स्थित नैनीताल का भव्य कैंची धाम की तर्ज पर पंडाल का निर्माण किया जायेगा. पूजा का आयोजन कर रहे समिति के कोषाध्यक्ष सुनिल गुप्ता ने कहा कि15जून1964को प्रसिद्ध संत नीम करोली बाबा द्वारा इस मंदिर में बजरंगबली की प्राण प्रतिष्ठा की गयी है. हमारे पंडाल में इस बार भक्तों को सप्तमी,अष्टमी व नवमी के विशेष अवसर पर लगभग2लाख श्रद्धालुओं के लिए खीर,खिचड़ी व हलवे का प्रसाद तैयार किया जायेगा. उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में पूजा समितियों के साथ प्रशासनिक बैठक में यह तय किया गया कि इस बार पंडाल के ईद-गिर्द स्पेशल पुलिस बल की तैनाती की जायेगी.