धनबाद में बीजेपी कार्यकर्ताओं में मारपीट : तिरंगा यात्रा में किसी बात को लेकर भिड़ंत,वीडियो में मारपीट और डंडे से हमला
धनबाद: बीजेपी की तिरंगा यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई है. जिला परिषद मैदान से तिरंगा यात्रा शुरू होने के दौरान बीजेपी कार्यकर्ता अमरजीत कुमार और रीता यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया. घटना का वीडियो भी सामने आया है,जिसमें दोनों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है. वहीं, अमरजीत कुमार ने रीता यादव पर डंडे से हमला करने का आरोप लगाया है. हालांकि,विवाद के बाद कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग करा दिया और तिरंगा यात्रा अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ती रही.
गुरूवार को बीजेपी की ओर से धनबाद में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया था.जिला परिषद मैदान से शुरू हुई यह यात्रा रणधीर वर्मा चौक से होते हुए सिटी सेंटर तक पहुंची.यात्रा का नेतृत्व बीजेपी जिलाध्यक्ष श्रवण राय कर रहे थे,लेकिन यात्रा शुरू होते ही पार्टी के दो कार्यकर्ताओं के बीच विवाद ने माहौल गरमा दिया.
बताया जा रहा है कि अमरजीत कुमार और रीता यादव के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। सामने आए वीडियो में दोनों एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं. अमरजीत कुमार का आरोप है कि विवाद के दौरान रीता यादव ने पास में रखा डंडा उठाकर उन पर हमला किया।
अमरजीत कुमार के मुताबिक, रीता यादव ने कहा कि उनके कहने पर रैली निकाली गई है. इस पर अमरजीत ने भाषा सुधारकर बात करने को कहा और बताया कि तिरंगा यात्रा भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय के नेतृत्व में निकाली जा रही है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
घटना के बाद मौके पर मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दोनों को अलग कराया.हालांकि,इस विवाद का असर तिरंगा यात्रा पर नहीं पड़ा और यात्रा अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ती रही.
वहीं,बीजेपी जिलाध्यक्ष श्रवण राय ने बताया कि दोनों पक्षों को समझा दिया गया है और विवाद की वजह की जांच की जा रही है.जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह सामने आएगी.





