धनबाद: सदर अंचलाधिकारी रामप्रवेश कुमार से व्हाट्सऐप संदेश के माध्यम से एक करोड़ राशि की मांग किए जाने का मामला सामने आया है. रकम नहीं देने पर उन्हें गोली मारने की धमकी भी दी गई. मामले को लेकर अंचलाधिकारी ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.
शिकायत के अनुसार,14 सितंबर की शाम करीब 7 बजे एक मोबाइल नंबर से उनके व्हाट्सऐप पर धमकी भरा संदेश भेजा गया. संदेश भेजने वाले ने एक करोड़ रुपये देने की मांग की और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है.
मामले में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई है. धमकी देने वाले ने कथित तौर पर रकम जमा करने के लिए एसबीआई की राजगंज शाखा के एक बैंक खाते का नंबर भी भेजा. अंचलाधिकारी ने अपनी शिकायत में धमकी देने वाले संदिग्ध व्यक्ति की पहचान राजू के रूप में किए जाने की बात कही है.
अंचलाधिकारी ने पुलिस को धमकी से संबंधित व्हाट्सऐप संदेश के प्रति भी उपलब्ध कराई है. शिकायत मिलने के बाद धनबाद थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस अब धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और बताए गए बैंक खाते की जानकारी जुटा रही है. साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी के पीछे कौन लोग हैं और एक करोड़ रुपये की मांग के पीछे उनकी मंशा क्या थी.

