गहरे पानी वाले स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग,लाइफ जैकेट और प्रशिक्षित गोताखोर रहेंगे तैनात;भीड़ और ट्रैफिक संभालने के लिए चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस
देवघर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख छठ घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। शिवगंगा और नंदन पहाड़ स्थित छठ घाटों पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF)की टीम तैनात की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य छठ पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
गहरे पानी वाले स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग
छठ घाटों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। घाटों पर गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग कराने को कहा गया है। इसके अलावा घाटों पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट,प्रशिक्षित गोताखोर और अन्य बचाव उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बचाव दल को सतर्क रहने को कहा गया है।
शिवगंगा और ढलवा नदी में उमड़ती है सबसे अधिक भीड़
पुलिस अधीक्षक ने यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही है। उन्होंने बताया कि शिवगंगा और ढलवा नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ उमड़ती है। इसे देखते हुए प्रमुख मार्गों,संवेदनशील स्थानों और घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने और वापस लौटने में परेशानी न हो।
सुरक्षित छठ पूजा संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता
जिला प्रशासन की ओर से छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। घाटों पर साफ-सफाई,बैरिकेडिंग,बचाव संसाधन और पुलिस बल की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और लोक आस्था का महापर्व शांतिपूर्ण,सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो।
देवघर से अमर पाठक की रिपोर्ट

