डीसी के आदेश की अवहेलना : धनबाद के पूर्वी टुंडी स्थित कैंप से आधार-जन्म प्रमाण पत्र स्टॉल गायब, मुखिया सतीश मुर्मू ने जताई तीखी नाराजगी
धनबाद : धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत पूर्वी टुंडी के केंदुआटांड़ प्राथमिक विद्यालय में आयोजित विशेष कैंप में प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मोर्चा खोल दिया है.
कैंप में आदिवासियों के लिए बेहद जरूरी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र के स्टॉल न लगने पर स्थानीय मुखिया सतीश मुर्मू ने तीखी नाराजगी जताई है. अधिकारियों के निकम्मेपन का ठीकरा मुखिया पर फूटता है. मामले पर नाराजगी जाहिर करते हुए मुखिया सतीश मुर्मू ने कहा कि धरातल पर अधिकारियों की लापरवाही के कारण सारा दोष मुखिया के सिर मढ़ दिया जाता है. जाति, आय, आवासीय, जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनाना संबंधित सरकारी विभागों का काम है. जब विभाग के लोग कैंप में स्टॉल ही नहीं लगाएंगे, तो ग्रामीण जनप्रतिनिधियों को ही जिम्मेदार मानते हैं. उन्होंने कहा कि डीसी के सख्त आदेश के बावजूद अधिकारियों का यह रवैया जनजातीय समुदाय के साथ मजाक है. आदिवासियों में भारी आक्रोश योजनाओं के लाभ से वंचित आदिवासियों को उम्मीद थी कि इस विशेष कैंप में उनके जरूरी दस्तावेज आसानी से बन जाएंगे. लेकिन बुनियादी काउंटर न होने से सैकड़ों ग्रामीण निराश होकर घर लौट गए. इस प्रशासनिक अवहेलना को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है.
धनबाद से नित्यानंद मंडल की रिपोर्ट--





