दर्दनाक सड़क हादसा : आरा–मोहनिया पथ पर तिलक समारोह से लौटे बस यात्री को डाक पार्सल वाहन ने कुचला, 5 की मौत , 7 घायल
आरा : बड़ी खबर बिहार के आरा से है जहां जिले के आरा–मोहनिया पथ पर बेलवैया मठिया गांव के समीप सोमवार सुबह तिलक समारोह से लौटी बस से उतर रहे लोगों को तेज रफ्तार डाक पार्सल वाहन ने कुचल दिया. हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य घायल हो गए.
बताया जाता है कि सभी लोग चेनारी के लोधी गांव से तिलक समारोह से लौट रहे थे. बस जैसे ही गांव के मोड़ पर रुकी और लोग उतरने लगे, तभी तेज गति से आ रहे वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में तीन सहोदर भाई, एक भांजा और एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई.
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौरे पहुंच कर सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
हादसे में घायल सात लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है.इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है,जिसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.
सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और घायलों का समुचित इलाज जारी है. वहीं,ग्रामीण नंदेश्वर कुमार के अनुसार बस से उतरते समय ही तेज रफ्तार वाहन ने लोगों को टक्कर मार दी,जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ.
संजय कुमार की रिपोर्ट--





