गरीबों के लिए काम करना ही मोदी-नीतीश की जीत का सीक्रेट फॉर्मूला: सीएम सम्राट चौधरी

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता को नया सपना दिखाकर वोट हासिल करने की कोशिश करने वाले राजनीतिक दल मुगालते में हैं। बिहार की जनता जागरूक है और वह नेताओं की कथनी और करनी दोनों को समझती है।

जो गरीबों के लिए काम करेगा, गरीब उसी को अपना वोट देगा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनीतिक सफलताओं का जिक्र करते हुए उनकी जीत का फॉर्मूला भी बताया। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग पूछते हैं कि मोदी और नीतीश कुमार के जीतने का आखिर क्या राज है? इसका सीधा जवाब है कि जो गरीबों के लिए काम करेगा, गरीब उसी को अपना वोट देगा।

नेताओं को गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए- सीएम
सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग जनता को नए-नए सपने दिखाकर वोट हासिल करना चाहते हैं, लेकिन अब जनता सब कुछ समझती है। उन्होंने नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि किसी को यह गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए कि वह जनता से ज्यादा होशियार है।

लोकतंत्र में जनता ही असली मालिक
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही असली मालिक है। नेता जनता के प्रतिनिधि और उसके प्रतिबिंब मात्र हैं। जनता को यह अधिकार है कि वह जिसे चाहे सत्ता की जिम्मेदारी सौंपे और जिसे चाहे सत्ता से बाहर कर दे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नए लाभुकों के बीच राशन कार्ड वितरित किए। साथ ही नई जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों के लिए लाइसेंस भी प्रदान किए। सरकार का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। मुख्यमंत्री के इस बयान को बिहार की राजनीति में विपक्ष के खिलाफ सत्तापक्ष के एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट