BRABU में रिजल्ट का बड़ा खेल : दो साल फेल छात्र तीसरे साल पास,2019 से 2026 तक हजारों रिजल्ट की होगी जांच
मुजफ्फरपुर: बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में परीक्षा परिणामों में बड़ी गड़बड़ी सामने आने के बाद पिछले सात वर्षों के रिजल्ट की जांच होगी. विश्वविद्यालय प्रशासन ने वर्ष 2019 से 2026 तक स्नातक परीक्षा में पास हुए हजारों छात्रों के परिणामों की जांच के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित की है.
कमेटी की अध्यक्षता एक सेवानिवृत्त जज करेंगे. इसमें दूसरे विश्वविद्यालयों के दो शिक्षक,विश्वविद्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हैं. कमेटी यह जांच करेगी कि कितने ऐसे छात्र हैं, जो पार्ट-वन और पार्ट-टू में फेल या अनुत्तीर्ण थे,लेकिन इसके बावजूद उन्हें पार्ट-थ्री की परीक्षा में शामिल होने का मौका मिला और वे अंतिम वर्ष में पास हो गए.
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. समीर कुमार शर्मा के अनुसार,जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. रिपोर्ट को परीक्षा बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा और इसकी जानकारी लोकभवन को भी दी जाएगी. कमेटी की बैठक जल्द होने की संभावना है.
बताया गया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेजों को पहले ही निर्देश दिया था कि केवल उन्हीं छात्रों का परीक्षा फॉर्म भरवाया जाए, जिनका पार्ट-वन और पार्ट-टू क्लीयर है. इसके बावजूद कई कॉलेजों में नियमों के विपरीत छात्रों के फॉर्म भरवाए गए.विश्वविद्यालय स्तर पर भी रिकॉर्ड की जांच नहीं हुई और ऐसे छात्रों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए. इसके बाद उन्होंने पार्ट-थ्री की परीक्षा दे दी.
अब सात वर्षों के परिणामों की जांच से यह स्पष्ट होगा कि इस तरह के कितने मामले हुए और इसमें कॉलेजों तथा विश्वविद्यालय स्तर पर किसकी लापरवाही रही. मामले में जांच रिपोर्ट के बाद जिम्मेदारी तय होने और कार्रवाई की संभावना है.
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट





