बोकारो: बोकारो में एलोरा हॉस्टल के पास खुले मैदान में निरोध के दो कार्टन लावारिस हालत में मिलने से इलाके में चर्चा शुरू हो गई। कार्टन मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें आग लगाकर नष्ट कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर सिविल सर्जन,बोकारो को सूचित किया गया,जिसके बाद इसकी जांच के निर्देश दिए गए।

ड्रग इंस्पेक्टर ने की मामले की जांच

मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन ने ड्रग इंस्पेक्टर को जांच का निर्देश दिया। जांच के बाद ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि बरामद निरोध के कार्टन सरकारी आपूर्ति के होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है।

मेडिकल स्टोर के अलावा जनरल स्टोर में भी होती है बिक्री

बोकारो के सिविल सर्जन डॉ. अभय प्रसाद ने बताया कि वर्तमान समय में निरोध की बिक्री केवल मेडिकल स्टोर तक सीमित नहीं है,बल्कि जनरल स्टोर में भी इसकी बिक्री की जाती है। ऐसे में केवल खुले मैदान में निरोध मिलने के आधार पर इसे सरकारी आपूर्ति से जुड़ा हुआ नहीं माना जा सकता।

पर्यावरण को लेकर भी दी जानकारी

सिविल सर्जन डॉ. अभय प्रसाद ने बताया कि वर्तमान समय में निरोध बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिट्टी में भी मिल सकती है और इससे पर्यावरण को किसी तरह का प्रदूषण नहीं होता।

फिलहाल,जांच में बरामद निरोध के सरकारी होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। खुले मैदान में ये कार्टन किसने और किन परिस्थितियों में छोड़े,इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

बोकारो से संजीव कुमार की रिपोर्ट