लिट्टी दुकान में सो रहे दंपती पर गेट तोड़कर घुसे हमलावर ने किया हमला,मोबाइल लेकर फरार;दोनोंBGHमें भर्ती,पुलिस जांच में जुटी

बोकारो:झारखंड के बोकारो में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सिटी थाना क्षेत्र में एसपी कार्यालय के ठीक सामने शुक्रवार की रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। यहां लिट्टी की दुकान में सो रहे पति-पत्नी पर एक अज्ञात हमलावर ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान अनिल गोस्वामी और उनकी पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH)में भर्ती कराया गया है।

गेट तोड़कर कमरे में घुसा हमलावर,दंपती पर किया हमला

घटना के संबंध में घायल दंपती की भतीजी सुनीता कुमारी ने बताया कि उनके चाचा अनिल गोस्वामी और चाची शांति देवी कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान एक युवक गेट तोड़कर कमरे में घुस आया और दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी अनिल गोस्वामी का मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

SPकार्यालय के सामने वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश है। सुनीता कुमारी ने कहा कि आसपास कई प्रशासनिक कार्यालय होने के बावजूद इस तरह की वारदात होना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। एसपी कार्यालय के सामने हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।

पुरानी कहासुनी से जुड़ रहा हमले का मामला?

बताया जा रहा है कि लक्खी पूजा के दिन अनिल गोस्वामी के दामाद की किसी युवक के साथ कहासुनी हुई थी। हालांकि, शुक्रवार रात हुए हमले का उस विवाद से कोई संबंध है या नहीं,इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। हमले के पीछे की वास्तविक वजह भी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस जांच में जुटी,हमलावर की तलाश जारी

घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हमलावर की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वारदात में शामिल आरोपी को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।

बोकारो से संजीव कुमार की रिपोर्ट