BIHAR NEWS : लद्दाख के राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना दो दिवसीय दौरे पर बोधगया पहुंचे, महाबोधि मंदिर में की पूजा-अर्चना
बोधगया: लद्दाख के राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना अपने परिवार के साथ मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर बोधगया पहुंचे. इस दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की.
राज्यपाल ने मंदिर के गर्भगृह में भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धा अर्पित की और उस पवित्र बोधि वृक्ष के नीचे कुछ समय बिताया,जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी. इस दौरान उन्होंने आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया.
मंदिर परिसर में बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (बीटीएमसी) की ओर से राज्यपाल का भव्य स्वागत किया गया. स्वागत समारोह में बीटीएमसी के सचिव डॉ. महाश्वेता महारथी,भंते डॉ. मनोज कुमार,सदस्य अरविंद सिंह,मुख्य पुजारी भंते चनिऺदा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. राज्यपाल को पारंपरिक खादा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और महाबोधि मंदिर का मोमेंटो भेंट किया गया.
राज्यपाल बोधगया में रात्रि विश्राम करेंगे. इसके बाद बुधवार को 14 वें बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा के 90वें जन्मदिवस समारोह के अवसर पर आयोजित एशियन बुद्धिस्ट कॉन्फ्रेंस फॉर पीस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट--





