त्योहारों में खपाने के लिए गोदाम में भंडारण कर रखी गई अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप को मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने बरामद किया है। पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर में भारत पेट्रोलियम के समीप स्थित एक बड़े गोदाम में छापेमारी कर कुल 3830 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। बरामद शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में राजस्थान के रहने वाले चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध इकाई की टीम को गोदाम में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब भंडारित किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। इस दौरान गोदाम से शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शराब को त्योहारों के दौरान खपाने की तैयारी थी। छापेमारी के दौरान चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जो राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, गोदाम का मालिक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। विभाग गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर शराब के भंडारण और तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है।
