बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए स्थानांतरण को लेकर बड़ी खबर है। लंबे समय से ट्रांसफर का इंतजार कर रहे शिक्षकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। शिक्षा विभाग ने पारस्परिक और सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए समयसीमा निर्धारित की है। इसके तहत राज्य के 14 जिलों में 14 नवंबर तक पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्थानांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी जरूरी कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया है। विभागीय कार्यक्रम के अनुसार, 14 नवंबर तक जिला स्थापना समिति के स्तर पर पारस्परिक स्थानांतरण की कार्रवाई पूरी कर शिक्षकों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
पटना, पश्चिमी चंपारण, सीवान, नवादा, नालंदा और मधेपुरा समेत 14 जिलों में समायोजन और समानुपातीकरण का लंबित कार्य भी इसी अवधि में पूरा करना है। इसके बाद 17 से 25 नवंबर तक प्रमंडल और राज्य स्थापना समिति के स्तर पर पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।शिक्षकों के लिए एक और महत्वपूर्ण तारीख 27 नवंबर है। इस दिन स्कूलों के अनुसार संशोधित रिक्त पदों की सूची जारी की जाएगी। इसी सूची के आधार पर सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
विभागीय कैलेंडर के मुताबिक, सामान्य स्थानांतरण के लिए शिक्षक 30 नवंबर से 7 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 8 दिसंबर से 31 दिसंबर तक जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समितियों के स्तर पर स्थानांतरण सूची तैयार करने के साथ आपत्तियों और अपीलों का निष्पादन किया जाएगा।इस पूरी प्रक्रिया से शिक्षकों को अपनी पसंद के स्कूल या जिले में पदस्थापन का अवसर मिलने की उम्मीद है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
