BIHAR NEWS : राज्यपाल सैयद अता हसनैन पहली बार राज्य के इकलौते संस्कृत विश्विद्यालय दरभंगा में सीनेट बैठक में हुए शामिल
दरभंगा : बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन बुधवार को दरभंगा पहुंचे. कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल का भव्य स्वागत किया गया. उन्होंने महाराज कामेश्वर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और दरबार हॉल में आयोजित कार्यक्रम के साथ सीनेट बैठक में भाग लिया. इस दौरान उन्हें पाग और चादर भेंट कर सम्मानित किया गया.
पत्रकारों से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि वे पहले भी दरभंगा आ चुके हैं और यहां दोबारा आने की इच्छा रखते हैं. उन्होंने उच्च शिक्षा क्षेत्र में काम अभी काफी बाकी होने की बात कही और बताया कि वे सभी विश्वविद्यालयों की स्थिति का लगातार विश्लेषण कर रहे हैं, जहां कुलपति अपने-अपने मुद्दे प्रस्तुत कर रहे हैं.
राज्यपाल ने सीनेट की नियमित बैठकों पर जोर देते हुए कहा कि समस्याओं को गहराई से समझकर ही ठोस समाधान निकाला जाएगा. राज्यपाल ने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय, प्रशासन और मीडिया के सहयोग से शिक्षा व्यवस्था में सुधार संभव है. साथ ही उन्होंने दरभंगा में संस्कृत विश्वविद्यालय होने को गर्व की बात बताते हुए इसके विकास के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया.





