बिहार के नवादा में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिस निरीक्षक समेत कई लोगों के घायल होने की सूचना है। सरकारी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर हुए हमले को खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए नवादा के पुलिस अधीक्षक से बात की और घटना में शामिल आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि अवैध खनन की जांच और निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम पर हमला करना बेहद गंभीर मामला है। नवादा में इस तरह की यह दूसरी घटना है, जो कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी कामकाज के दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी का निर्देश

मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया है कि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून को अपने हाथ में लेने वाले तत्वों के प्रति प्रशासन किसी तरह की नरमी नहीं बरते।

अवैध खनन पर सरकार सख्त

प्रमोद कुमार ने कहा कि राज्य सरकार अवैध खनन पर रोक लगाने, खनिज संपदा के संरक्षण और सरकारी राजस्व की सुरक्षा के लिए लगातार अभियान चला रही है। इस अभियान में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।उन्होंने प्रशासन को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई करती है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट