पटना जिले के पुनपुन थाना क्षेत्र के बेहरावां चकिया गांव में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर लगातार दूसरे दिन हमला किया गया। रविवार को हुई कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। हमले में पुलिस की छह गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालांकि, गोलीबारी में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।मसौढ़ी डीएसपी-1 राघव दयाल के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस गांव और पुनपुन नदी के आसपास पहुंची थी। पुलिस टीम दो दिन पहले हुई कार्रवाई के दौरान हमले के बाद अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चला रही थी।पुलिस को देखते ही शराब निर्माण और तस्करी में शामिल लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर करीब 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपित पुनपुन नदी में कूदकर फरार होने में सफल रहे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रवि मांझी के घर से एक देशी कट्टा और तीन कारतूस बरामद किए। इसके साथ ही इलाके में संचालित अवैध देसी शराब की भट्ठियों को नष्ट किया गया। पुलिस ने शराब निर्माण से जुड़े सामान और ठिकानों की भी जांच की।बताया गया कि कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद उपद्रवियों ने पुलिस की आधा दर्जन गाड़ियों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद बेहरावां चकिया और आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।दो दिन पहले पुलिस टीम पर हुए हमले को लेकर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर भी आरोपितों की गिरफ्तारी की जा रही है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में सघन छापेमारी कर रही है। इलाके में स्थिति पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
