पटना समेत सभी 38जिला मुख्यालयों में शुरू हुई सांध्यकालीन कक्षाएं,कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ;अंग्रेजी,गणित,विज्ञान,कंप्यूटर और AIकी होगी विशेष पढ़ाई
पटना: बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा विभाग ने एक नई पहल शुरू की है। राज्य के सभी38 जिला मुख्यालयों में मंगलवार से'संकल्प संध्या' नाम से विशेष सांध्यकालीन कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को शाम5 बजे से7:30 बजे तक निःशुल्क पढ़ाई कराई जाएगी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति सुधारना, उनका होमवर्क पूरा कराना और विषयों की बुनियादी समझ मजबूत करना है। इन कक्षाओं का लाभ सरकारी स्कूलों में कक्षा9वीं, 10वीं, 11वीं और12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा।
पटना में तीन केंद्रों पर हुई शुरुआत
राजधानी पटना में 'संकल्प संध्या' की शुरुआत तीन केंद्रों पर की गई। इनमें दरियापुर गोला स्थित पटना कॉलेजिएट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोलघर स्थित बांकीपुर बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और दानापुर स्थित बलदेवा उच्च विद्यालय शामिल हैं। पटना कॉलेजिएट विद्यालय में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में आरडीडीई अमित कुमार, डीईओ सरस्वती कुमारी समेत शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पहले ही दिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इन विशेष कक्षाओं में हिस्सा लिया।
38 जिलों में अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन
राज्य के विभिन्न जिलों में भी इस योजना की शुरुआत अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।
- नालंदा में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के एसडीपी नवदीप शुक्ला ने कक्षाओं का उद्घाटन किया।
- बक्सर में माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन कुमार सिंह मौजूद रहे।
- वैशाली में टेक्स्ट बुक के एमडी यतेंद्र कुमार पाल ने शुरुआत कराई।
- भोजपुर में प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक ने कक्षाओं का उद्घाटन किया।
इन कक्षाओं के संचालन की जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को सौंपी गई है।
अंग्रेजी,गणित,विज्ञान के साथ AI की भी होगी पढ़ाई
'संकल्प संध्या' के तहत विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए पांच प्रमुख विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शामिल हैं। कक्षाओं के संचालन में सरकारी स्कूलों में उपलब्ध स्मार्ट बोर्ड और अन्य डिजिटल संसाधनों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ आधुनिक तकनीकी शिक्षा से भी जोड़ना है।
अगले साल 31 मार्च तक चलेगी व्यवस्था
शिक्षा विभाग के अनुसार'संकल्प संध्या' का संचालन अगले वर्ष31 मार्च तक किया जाएगा। प्रतिदिन शाम5 बजे से7:30 बजे तक कक्षाएं चलेंगी। सबसे खास बात यह है कि विद्यार्थियों को इस सुविधा के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
कुल मिलाकर बिहार शिक्षा विभाग की इस पहल से सरकारी स्कूलों के उन विद्यार्थियों को अतिरिक्त पढ़ाई का अवसर मिलेगा, जिन्हें नियमित कक्षाओं के अलावा विषयों को समझने और अभ्यास करने के लिए अतिरिक्त सहयोग की जरूरत है। अब देखना होगा कि 'संकल्प संध्या' से विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में कितना सुधार आता है।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

