चाईबासा की आदिवासी युवती को रांची घुमाने का झांसा देकर दिल्ली ले जाने का दावा,नेवी अधिकारी के घर से रेस्क्यू;पीड़िता ने11साल तक बंधुआ मजदूर की तरह काम कराने और प्रताड़ित करने के लगाए आरोप

रांची: झारखंड की एक आदिवासी बेटी के साथ कथित मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि महज15 साल की उम्र में चाईबासा से रांची घुमाने के बहाने उसे दिल्ली ले जाया गया और वहां बेच दिया गया। इसके बाद करीब11 वर्षों तक उससे कथित तौर पर बंधुआ मजदूर की तरह काम कराया गया। अब26 साल की उम्र में दिल्ली के बसंत कुंज इलाके से युवती को रेस्क्यू कराया गया है। रेस्क्यू के बाद वह वापस झारखंड लौट आई है।

नेवी अधिकारी के घर से युवती का रेस्क्यू

जानकारी के मुताबिक, मामला दिल्ली के बसंत कुंज इलाके का है। एक एनजीओ के सहयोग से 26 वर्षीय आदिवासी युवती को एक घर से रेस्क्यू कराया गया। युवती मूल रूप से पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि करीब 11 साल पहले जब युवती नाबालिग थी, तब उसे रांची घुमाने का झांसा देकर दिल्ली ले जाया गया था। आरोप है कि वहां उसका सौदा कर दिया गया और उसे एक नेवी अधिकारी के घर में काम पर लगा दिया गया।

सुबह 6बजे से रात 1बजे तक कराया जाता था काम

रेस्क्यू के बाद पीड़िता ने दिल्ली में बिताए अपने 11 वर्षों की दर्दनाक कहानी बताई है। युवती का आरोप है कि उससे सुबह 6 बजे से लेकर रात 12 से 1 बजे तक लगातार काम कराया जाता था। उसने दावा किया कि जब भी वह अपने घर और परिवार के पास वापस जाने की बात करती थी, तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। इतना ही नहीं, उसे जेल भेजने की धमकी भी दी जाती थी। पीड़िता के मुताबिक, इन परिस्थितियों में वह लंबे समय तक वहां रहने को मजबूर रही।

झारखंड पुलिस मुख्यालय को दी गई जानकारी

करीब 11 वर्षों बाद अपने घर और राज्य वापस लौटी युवती के मामले में झारखंड पुलिस मुख्यालय को लिखित जानकारी दी गई है। वहीं, चाईबासा के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में मामला दर्ज किए जाने की प्रक्रिया की बात सामने आ रही है। अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि युवती को दिल्ली ले जाने और कथित तौर पर बेचने में कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही, इतने वर्षों तक उसके साथ हुए कथित शोषण और प्रताड़ना के आरोपों की भी जांच की जाएगी।

मानव तस्करी पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर झारखंड से नाबालिग लड़कियों की मानव तस्करी और दूसरे राज्यों में घरेलू काम के नाम पर शोषण के गंभीर मुद्दे को सामने ला दिया है। फिलहाल पीड़िता अपने राज्य वापस लौट चुकी है। अब सबकी नजर पुलिस की जांच और आरोपियों के खिलाफ होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी है।

रांची से नैयर की रिपोर्ट