कैमूर : मोहनिया विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी श्वेता सुमन का नामांकन रद्द होने के बाद सासाराम संसदीय क्षेत्र के बीजेपी के पूर्व सांसद छेदी पासवान के पुत्र निर्दलीय प्रत्याशी रवि शंकर पासवान को आरजेडी ने अपना समर्थन दिया है. इसके बाद बेटे के समर्थन में बीजेपी छोड़ पूर्व सांसद भी तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की बात कहने लगे हैं.

भाजपा से टिकट कटने के बाद पूर्व सांसद छेदी पासवान ने किया राजद ज्वाइन, बेटे के समर्थन में उतरे

मोहनिया विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन की बैठक के दौरान पूर्व सांसद छेदी पासवान पहुंचे जहां पहली बार उन्होंने भाजपा छोड़ने की बात कैमरे पर कही. छेदी पासवान ने कहा बीजेपी से हम इसलिए अलग हुए कि भाजपा कहती है कि आपके ऊपर अपराधिक केस है,जबकि हमारे ऊपर किसी तरह का कोई केस ही नहीं है. इसी आधार पर लोकसभा में मेरा टिकट काटा गया,अब हम राष्ट्रीय जनता दल में आ गए हैं.

मोहनिया की निवर्तमान विधायक संगीता कुमारी पर तंज कसते हुए कहा कि जो भगोड़े विधायक हैं उनका जमानत जब्त होगा.

निर्दलीय प्रत्याशी और राजद का समर्थन मिलने के बाद रवि शंकर पासवान ने कहा गया चांदनी चौक पर ट्रैफिक एक बड़ी समस्या है साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य पर मेरा विशेष ध्यान होगा. मोहनिया विधानसभा को पूरे बिहार में नंबर वन बनाना है.

कैमूर से अजय कुमार सिंह की रिपोर्ट—