Hindi News / सहरसा में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म, पुलिस ने 6 घंटे में 3 आरोपियों...

BIG NEWS : सहरसा में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म, पुलिस ने 6 घंटे में 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Edited By:  |
big news big news

सहरसा : बिहार के सहरसा में नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 3 आरोपियों को महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. तीनों आरोपी पीड़िता के ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. यह मामला सदर थाना क्षेत्र का है.

पुलिस के अनुसार,रविवार दोपहर नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की सूचना मिलते ही सदर पुलिस सक्रिय हो गई. तत्काल पुलिस टीम ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन शुरू किया. इसके बाद पीड़िता को मेडिकल जांच और बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज भेजा गया. पुलिस के मुताबिक,वर्तमान में पीड़िता की स्थिति सामान्य है और वह चिकित्सकीय निगरानी में है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर और पुलिस अधीक्षक सहरसा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा अनुसंधान की गुणवत्ता और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर आवश्यक निर्देश दिए.

प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपियों ने पीड़िता को खेलने के बहाने बुलाया और उसके साथ कथित तौर पर इस जघन्य घटना को अंजाम दिया. वहीं,सदर थाना की पुलिस और विशेष रूप से गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सभी तीनों आरोपियों को 6 घंटे के भीतर पकड़ लिया है.

सहरसा पुलिस का कहना है कि मामले में सभी मानवीय और वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

सहरसा सेशशि मिश्रा की रिपोर्ट--