Hindi News / गोपालगंज में शौचालय की सेंटरिंग खोलने के दौरान 4 मजदूरों की मौत, परिजनों...

BIG BREAKING : गोपालगंज में शौचालय की सेंटरिंग खोलने के दौरान 4 मजदूरों की मौत, परिजनों में मातम

Edited By:  |
big breaking big breaking

गोपालगंज : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के गोपालगंज से है जहां गोपालपुर थाना क्षेत्र के सवनही गांव में शौचालय की सेंटरिंग खोलने के दौरान 4 मजदूरों की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई. घटना के कारणों और मृतकों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है.

बताया जाता है कि काम के दौरान सबसे पहले मजदूर टैंक के अंदर उतरे. कुछ ही देर बाद टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण उन्हें घुटन होने लगी और वे बेहोश होकर गिर पड़े. पहले मजदूरों को परेशानी में देखकर उन्हें बचाने के लिए दूसरे मजदूर भी टैंक के अंदर उतर गए. लेकिन उन्हें क्या पता था कि अंदर जहरीली गैस का खतरा मौजूद है. बचाने के प्रयास में वे भी गैस की चपेट में आ गए.

देखते ही देखते चारों मजदूर टैंक के अंदर बेहोश हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों और अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी को किसी तरह सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने चारों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया. हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान सवनहीं गांव निवासी बंटी बैठा उर्फ राकेश बैठा, जावेद आलम उर्फ टीपू, उमेश यादव और गिदहा गांव निवासी शबे आलम के रूप में हुई है. चार मजदूरों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया. परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे, जहां अपनों के शव देखकर चीख-पुकार मच गई.

वहीं, घटना को लेकर हेडक्वार्टर डीएसपी विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि गोपालपुर थाना क्षेत्र के सवनहीं गांव में हकीक अहमद का मकान निर्माणाधीन था. इसी मकान में शौचालय के लिए बनाए जा रहे सेप्टिक टैंक के अंदर मजदूर शटरिंग खोलने और प्लास्टर का काम कर रहे थे. इसी दौरान टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से चारों मजदूरों की मौत हो गई. मृतकों में जावेद आलम, शबे आलम, उमेश यादव और राकेश बैठा शामिल हैं.

पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज मॉडल अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.

सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आकर चार मजदूरों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-