लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में अपराधियों ने पेट्रोल पंप को निशाना बनाते हुए फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। चंदवा थाना क्षेत्र के ब्रह्मणी स्थित राज पेट्रोल पंप के कार्यालय में बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली चलाई और मौके से फरार हो गए। घटना में पेट्रोल पंप का एक कर्मी बाल-बाल बच गया,जबकि गोली लगने से कार्यालय का कांच और टेबल क्षतिग्रस्त हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
बाइक से पहुंचे अपराधी,अचानक की फायरिंग
पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मी के अनुसार,बाइक पर सवार होकर दो लोग कार्यालय की ओर पहुंचे। इसके बाद पीछे बैठे व्यक्ति ने अचानक फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मौके से खोखा बरामद,पुलिस की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही चंदवा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में नाकेबंदी कर छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच की जा रही है।
राहुल सिंह गैंग पर आशंका,जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि राज पेट्रोल पंप बड़े कारोबारी लाल रंजन नाथ शाहदेव का है। प्रारंभिक जांच में राहुल सिंह गैंग की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है,हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल से किसी संगठन या गिरोह का पर्चा भी बरामद नहीं हुआ है।
फिलहाल पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह और अपराधियों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
लातेहार से मनोज मेहता की रिपोर्ट

