पटना : बिहार में भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्त लोकसेवकों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसलों के आधार पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है. ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार से अर्जित अवैध संपत्ति की जब्ती की कार्रवाई संबंधित लोकसेवक की मृत्यु के बाद भी स्वत: समाप्त नहीं होगी. बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम, 2009 के तहत शुरू की गई कार्रवाई जारी रह सकती है. इसके दायरे में लोकसेवक के परिजनों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के नाम पर मौजूद संपत्ति भी आ सकती है.
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने 20 मार्च 2026 को बिहार राज्य बनाम सुधा सिंह और उमा देवी से जुड़े मामलों में यह महत्वपूर्ण व्यवस्था दी थी. वहीं, 2 नवंबर 2026 के एक अन्य फैसले में आय से अधिक संपत्ति के मामलों में सोने के आभूषणों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई. कोर्ट ने कहा कि सीबीडीटी के निर्धारित मानकों के तहत सोना रखने का हवाला देना मात्र पर्याप्त नहीं है. अभियुक्त को आभूषणों के अर्जन का संतोषजनक स्रोत बताना होगा.
ब्यूरो ने यह भी बताया कि किसी लोकसेवक के 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहने पर उसे स्वत: निलंबित माना जाएगा. इसके लिए अलग से निलंबन आदेश जारी करना जरूरी नहीं है. निगरानी थाना कांड संख्या 29/2025 से जुड़े विश्वजीत सिंह के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 6 नवंबर 2026 को यह स्पष्ट किया.
जमानत के संबंध में कोर्ट ने कहा कि अपराध की प्रकृति और निर्धारित सजा को ध्यान में रखकर फैसला किया जाना चाहिए. हालांकि, गंभीर परिस्थितियों या आपराधिक इतिहास होने पर जमानत से इनकार किया जा सकता है.
निगरानी ब्यूरो का मानना है कि सुप्रीम कोर्ट के इन फैसलों से भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को मजबूती मिलेगी और अवैध संपत्ति छिपाने की कोशिशों पर प्रभावी अंकुश लगेगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
