बेरमो में गहराया पेयजल संकट : महिलाओं ने बर्तन लेकर किया प्रदर्शन,वार्ड पार्षद ने दी चेतावनी
बेरमो:फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के करगली बाजार में इस भीषण गर्मी में पेयजल संकट से तंग आकर मंगलवार को वार्ड नंबर-14 की पार्षद अर्चना सिंह के नेतृत्व में महिलाओं ने हाथों में बर्तन लेकर जोरदार तरीके से प्रदर्शन किया. इस दौरान बीडीओ ऑफिस रोड को जाम कर दिया गया. देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और काफी देर तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा.
प्रदर्शन में शामिल महिलाएं खाली बर्तन लेकर सड़कों पर उतरी और नारेबाजी करने लगी. महिलाओं का कहना है कि इलाके में कई दिनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है,जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह से ही पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है.
वार्ड पार्षद अर्चना सिंह ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधा तक नहीं मिल पा रही है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.





