‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत बैदकारो DCCPL पैच माइंस में देर रात छापेमारी, ड्रोन और श्वान दस्ते से संवेदनशील इलाकों की निगरानी
बेरमो: सीसीएल के बीएंडके एरिया में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई की है। बैदकारो DCCPL पैच माइंस क्षेत्र में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान 123.880 टन अवैध कोयला और 44 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत CISF ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर देर रात विशेष छापेमारी की। इस अभियान में CISF की रेड टीम, आसूचनाकर्मी और CCL प्रबंधन की संयुक्त टीम शामिल थी। टीम ने माइंस क्षेत्र के विभिन्न ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध कोयला और 44 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
MMDR एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
छापेमारी में जब्त कोयले और मोटरसाइकिलों के मामले में माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) अधिनियम यानी MMDR एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को बीएंडके एरिया में अवैध कोयला उत्खनन और तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ड्रोन और श्वान दस्ते से कोयला तस्करों पर नजर
अवैध कोयला उत्खनन और तस्करी रोकने के लिए CISF ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा श्वान दस्ते की मदद से भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
राष्ट्रीय संपदा की चोरी बर्दाश्त नहीं- CISF
CISF ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राष्ट्रीय संपदा की चोरी, अवैध भंडारण और कोयले के गैरकानूनी कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद कोयला तस्करी के नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और सख्त होने के संकेत मिले हैं। अब देखना होगा कि जांच के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका सामने आती है।
बेरमो से पंकज सिंह की रिपोर्ट

