बाघमारा में दर्जनों घरों में पड़ी दरारें : आक्रोशित ग्रामीणों ने किया मुख्य मार्ग जाम,तत्काल विस्थापन की मांग पर अड़े रहे
बाघमारा:अंगारपथरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत अंगारपथरा कांटा पहाड़ी में अवैध कोयला खनन के कारण तेज आवाज के साथ दर्जनों घरों में दरारें पड़ गई है. कई स्थानों पर सड़क में गहरी दरारें आ गई है. जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन हुआ है. प्रभावित परिवारों ने जरूरी सामान के साथ खुले आसमान के नीचे भय के माहौल में है. शुक्रवार को अंगारपथरा कांटा पहाड़ी के सैकड़ों ग्रामीण बीसीसीएल प्रबंधन की उदासीनता और अवैध कोयला खनन के विरोध में प्रभावित परिवारों को तत्काल विस्थापन करने की मांग को लेकर कतरास तेतुलमारी मुख्य मार्ग को घंटों जाम रखा.
सड़क जाम की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ कतरास, बरोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. ग्रामीण अपने मांग पर अड़े हुए थे. इस दौरान सड़क जाम से आवागमन में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी.
स्थानीय महिला ने कहा कि तेज आवाज के साथ जब दरारें पड़ने लगी तब लोग जान बचा कर भागने लगे, लेकिन घटना की सूचना मिलने के बाद भी प्रबंधन देखने तक नहीं आया. ग्रामीणों में आक्रोश है कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित बसाए नहीं तो केंदुआडीह और सोनारडीह जैसे हादसे कभी भी हो सकते हैं. यहां अवैध कोयला खनन के कारण घरों में दरार पड़ रहा है. शिकायत के बावजूद अवैध कोयला खनन बंद नहीं हुआ है.
वहीं, वार्ड पार्षद छोटू सिंह ने कहा कि अवैध कोयला खनन के कारण जमीन धंस रही है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं किया जाता. विधायक मेयर और प्रबंधन को सूचना दिया गया है अगर तत्काल प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर नहीं बसाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
छोटू सिंह ने कहा कि कतरास बड़ा हादसा का शिकार होगा यह चेतावनी है. बरसात के दौरान सोनारडीह के टांडाबाड़ी और केंदुआ जैसे हादसे से बड़ा हादसा कतरास को झेलना होगा.





