Hindi News / पलामू में बच्चे के गले से सोने का लॉकेट काटने वाले 3 आरोपी...

बड़ी कामयाबी : पलामू में बच्चे के गले से सोने का लॉकेट काटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान भी बरामद

Edited By:  |
badi kamyabi badi kamyabi

पलामू: बड़ी खबर पलामू से है जहां पुलिस ने मेदिनीनगर शहर में बच्चों को निशाना बनाकर सोने के लॉकेट चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. शहर थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी किए गए दो सोने के लॉकेट भी बरामद किए गए हैं.

मामले में सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने प्रेसवार्ता कर बताया कि मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट काटकर चोरी करने की घटना सामने आई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सानु आलम, समीर आलम और सूर्यप्रताप कुमार उर्फ अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए दो सोने के लॉकेट बरामद किए गए. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं. फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. बच्चों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है.

पलामू से नितेश तिवारी की रिपोर्ट--