अनीता हत्याकांड : पीड़ित परिवार से मिले विधायक अनूप सिंह,बोले-न्याय की लड़ाई अंत तक रहेगी जारी
बेरमो: बेरमो विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ढोरी-5 नंबर धौड़ा निवासी अनीता देवी के आवास पर विधायक कुमार जय मंगल सिंह पहुंचे. जहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दिया. उन्होंने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा क्षेत्र उनके साथ खड़ा है.
अनीता देवी की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया
विधायक ने कहा कि अनीता देवी की निर्मम हत्या ने पूरे बेरमो क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. यह केवल एक परिवार की क्षति नहीं, बल्कि समाज की संवेदनाओं पर गहरा आघात है. उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही वे लगातार पुलिस एवं जिला प्रशासन के संपर्क में रहे और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.
विधायक ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का दिया भरोसा
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना सराहनीय कदम है, लेकिन केवल गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं है. इस कांड में जो भी दोषी हैं उन दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाना आवश्यक है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में अपराधियों के बीच कानून का भय बना रहे.
अनीता देवी की हत्या जघन्य और अमानवीय अपराध
विधायक कुमार जय मंगल सिंह ने कहा कि अनीता देवी की हत्या एक जघन्य और अमानवीय अपराध है. इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए. पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा हूं और न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई में हर संभव सहयोग करता रहूंगा.
विधायक ने परिवार को दिया सांत्वना
वहीं,मुलाकात के दौरान परिजनों की आंखें नम थीं और पूरे इलाके में शोक का माहौल था. विधायक ने परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय की प्रक्रिया को अंतिम मुकाम तक पहुंचाने के लिए वे हर स्तर पर प्रयासरत रहेंगे.





