भोजपुर: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ निगरानी की कार्रवाई शुरू हुई है. बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग की ओर से 30 सितंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार,गुप्ता वर्तमान में मोहनियां चेक पोस्ट,जिला-कैमूर परिवहन विभाग में पदस्थापित हैं।
विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 26/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी), संशोधित 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया है। विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी अधिपत्र प्राप्त करने के बाद उनके पटना और भोजपुर स्थित ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।
जांच में प्रथम दृष्टया अमित कुमार गुप्ता द्वारा ज्ञात आय से अधिक कुल 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये की संपत्ति अर्जित किए जाने का साक्ष्य मिलने की बात कही गई है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 148.10 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
आज सुबह भोजपुर जिले के मुकरिसल थाना क्षेत्र में अवधपुरी, चंदवा मोड़ के पास स्थित उनके निजी आवास तथा पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित साईं वरदान सिटी के फ्लैट नंबर 609 में अलग-अलग टीमों ने तलाशी शुरू की।
तलाशी अभियान पुलिस उपाधीक्षक कोटि के पदाधिकारियों के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। निगरानी विभाग ने कहा है कि तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट

