जेडीयू कार्यालय में NDAकी संयुक्त प्रेस वार्ता,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी बोले- वैशाली की ऐतिहासिक धरती से लिखी जाएगी बिहार के औद्योगिक भविष्य की नई इबारत। बिदुपुर सिक्सलेन पुल का भी करेंगे उद्घाटन।
पटना: बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर सियासी और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली जिले के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम को बिहार के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री का वैशाली आगमन राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उनके आगमन से बिहार को विकास की नई सौगात मिलेगी और औद्योगिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
जेडीयू कार्यालय में NDAकी संयुक्त प्रेस वार्ता
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पटना स्थित जनता दल (यू) प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने गठबंधन की ओर से कार्यक्रम की तैयारियों और बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी मौजूद रहे।
जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र से खुलेगा रोजगार का नया रास्ता
संजय सरावगी ने बताया कि 20 नवंबर को बिहार में NDA सरकार के एक वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर राज्य सरकार की ओर से वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है। उन्होंने कहा कि वैशाली की ऐतिहासिक धरती से बिहार के औद्योगिक भविष्य की नई इबारत लिखी जाएगी। जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र का विकास स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
नौकरी खोजने वाला नहीं,नौकरी देने वाला बने बिहार का युवा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि NDA सरकार का संकल्प है कि बिहार का युवा नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने। वर्ष 2005 के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन की स्थापना हुई और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से बिहार निवेश और औद्योगिक विकास के उभरते केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। सरकार की कोशिश है कि युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार और स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें तथा विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
बिदुपुर सिक्सलेन पुल का भी उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री
संजय सरावगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने बिहार दौरे के दौरान बिदुपुर सिक्सलेन पुल का उद्घाटन भी करेंगे। यह पुल आमस-दरभंगा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर से जुड़ा महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस पुल के शुरू होने से उत्तर बिहार और मिथिलांचल में आवागमन सुगम होगा। इससे व्यापार, उद्योग, कृषि और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटेगाNDA
संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार दौरा सरकारी कार्यक्रम है, लेकिन NDA के सभी घटक दल आपसी समन्वय और सहभागिता के साथ इसे सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार के प्रति रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि विश्वास और विकास का रिश्ता है। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सड़क, रेल, हवाई संपर्क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बिहार को नई गति दी है। फिलहाल प्रधानमंत्री के प्रस्तावित वैशाली दौरे को लेकर NDA के घटक दलों ने तैयारियां तेज करने का संदेश दिया है। अब सबकी नजर 21 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम पर टिकी है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

