तुरकौलिया और रघुनाथपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा,देसी पिस्टल,अर्धनिर्मित हथियार और बनाने की सामग्री बरामद
पूर्वी चंपारण:YouTubeके जरिए हथियार बनाने का तरीका सीखकर कथित तौर पर मिनी गन फैक्ट्री चलाने का मामला सामने आया है। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण के ठिकाने का खुलासा किया है। इस दौरान दो कथित हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से कई देसी पिस्टल,अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार,पुलिस को सूचना मिली थी कि रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में चोरी-छिपे मिनी गन फैक्ट्री संचालित की जा रही है,जहां अवैध रूप से हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया।
एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी की। इस दौरान कथित मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ और मौके से हथियारों की बरामदगी की गई।
देसी पिस्टल और अर्धनिर्मित हथियार बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को कई देसी पिस्टल, अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी YouTube के माध्यम से हथियार बनाने का तरीका सीखकर इस काम में जुटे थे। हालांकि, इस दावे और हथियार निर्माण से जुड़े अन्य पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि जांच के आधार पर होनी बाकी है।
हथियारों की सप्लाई कहां होती थी,जांच जारी
मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार कब से बनाए जा रहे थे,उनकी सप्लाई कहां की जाती थी और इस कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जांच के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
मोतिहारी से अमित कुमार की रिपोर्ट

