ट्रिपल मर्डर से दहला गिरिडीह : कलयुगी पिता ने तीन बेटियों को मौत के घाट उतारा
गिरिडीह:जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तुरुकडीहा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. कलयुगी पिता ने अपनी तीन बेटियों की धारदार हथियार से हत्या कर मौत के घाट उतार दिया है. इस वारदात में पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.आरोपी की पहचान तुरुकडीहा निवासी नंदू यादव के रूप में हुई है. आरोप है कि उसने अपनी तीनों बेटियों पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी जान ले ली है. ट्रिपल मर्डर सेइलाके में सनसनी फैल गई है.
सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता नंदू यादव को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है.
हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुट गई है. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. एसडीपीओ ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.





