मुजफ्फरपुर: तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के दौरान बड़ा उलटफेर सामने आया है. चुनावी मुकाबले में लगातार बदलते समीकरणों के बीच भाजपा समर्थित उम्मीदवार डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने अपनी बढ़त बनाए रखी है. वहीं,निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा भी मुकाबले में बने हुए हैं. प्राप्त आंकड़ों के अनुसार,अब दोनों उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होने की स्थिति बनती दिख रही है.

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक,जनसुराज समर्थित प्रत्याशी चुनावी मुकाबले से बाहर हो गए हैं. हालांकि,इस संबंध में अंतिम स्थिति की पुष्टि आधिकारिक निर्वाचन परिणाम से की जानी बाकी है.

मतगणना के दौरान उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार,भाजपा समर्थित उम्मीदवार डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह को कुल 2,298 वोट मिले हैं. वहीं,निर्दलीय प्रत्याशी भूषण कुमार झा 2,015 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. दोनों उम्मीदवारों के बीच 283 वोटों का अंतर बताया जा रहा है.

इधर,सीपीआई समर्थित वर्तमान एमएलसी डॉ. संजय कुमार सिंह को 1,952 वोट मिलने की जानकारी सामने आई है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार,वह तीसरे स्थान पर हैं. मतगणना के इस चरण में उनके चुनावी मुकाबले से बाहर होने की खबर भी सामने आई है.

तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना के दौरान आए इन आंकड़ों ने चुनावी मुकाबले को नया मोड़ दे दिया है. शुरुआती चरणों में कई उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली थी. अब उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार,भाजपा समर्थित प्रत्याशी और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच मुकाबला केंद्रित होता दिखाई दे रहा है.

इस निर्वाचन क्षेत्र के परिणाम पर राजनीतिक दलों,शिक्षक समुदाय और समर्थकों की नजरें टिकी हुई है. मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने और निर्वाचन अधिकारी की ओर से अंतिम परिणाम घोषित किए जाने के बाद ही विजेता की स्थिति स्पष्ट होगी.

फिलहाल,डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह बढ़त बनाए हुए हैं,जबकि भूषण कुमार झा दूसरे स्थान पर हैं. आधिकारिक घोषणा का इंतजार जारी है.

संजय कुमार की रिपोर्ट-