PATNA :बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी पर जेडीयू बुरी तरह भड़की हुई है। कल ही जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने उन्हें 'व्याकुल भारत' बताया था तो आरजेडी की तरफ से प्रवक्ता भाई वीरेन्द्र ने कहा कि उनका मानसिक संतुलन गड़बड़ा गया है। वहीं अब एक बार फिर जेडीयू के सीनियर लीडर विजेन्द्र यादव ने भी बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम पर तगड़ा हमला बोला है। साथ ही डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को सीएम बनाए जाने के मसले पर भी बड़ी बात कही है।

उर्जा मंत्री विजेन्द्र यादव ने सुशील मोदी को बताया रिजेक्टेड माल

ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा है कि सुशील मोदी भाजपा के रिजेक्टेड माल है। उन्होंने कहा कि एक समय याद कीजिए जब वह कहते थे कि जब नीतीश कुमार हैं तो नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार की जरूरत क्या है। वह कब क्या बोलते हैं उनको भी पता नहीं है। दरअसल सुशील मोदी ने पिछले दिनों बयान देते हुए कहा था कि जेडीयू का आरजेडी में विलय हो जाएगा और साथ ही उन्होंने ये भी कहा था कि जेडीयू के कई सारे विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं। सुशील मोदी के इस बयान पर जेडीयू में जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

वहीं विजेन्द्र यादव ने पूर्व सीएम जीतन राम मांझी के कोआर्डिनेशन कमेटी बनाए जाने की मांग पर कहा कि पर ठीक है इस पर देखा जाएगा ।वहीं उन्होंने चिराग पासवान के बीजेपी के साथ जाने पर कहा कि ये कोई नई बात नहीं है। बीजेपी ने चिराग पासवान के साथ मिलकर जनता दल यू के साथ धोखाधड़ी किया है।नीतीश कुमार के इस बयान पर कि तेजस्वी यादव को आगे बढ़ाना है उन्होंने कहा कि यह तो सब आदमी चाहता है कि नई पीढ़ी आगे आए।

पटना से मरगूब आलम की रिपोर्ट ...