PATNA : बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को नियुक्ति पत्र बांटने के दौरान बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने नवनियुक्त अधिकारियों को मुख्य सचिव आमिर सुबहानी से सीख लेने की नसीहत दी। तेजस्वी यादव ने कहा कि मैं भी सीएम नीतीश कुमार से सीख रहा हूं, सीखने की कोई उम्र नहीं होती। तेजस्वी यादव ने कहा कि मुझसे ज्यादा भाग्यशाली कौन होगा मेरे माता पिता सीएम, हमखुद डिप्टी सीएम ,नेता विरोधी दल रहे है लेकिन देश के सबसे अनुभवी सीएम नीतीश कुमार के साथ मुझे काम करने का मौका मिला।

डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में तेजी से काम किया जा रहा है। सीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि खाली पड़े सभी पदों को भरा जाए। उन्होंने कहा कि बिहार गरीब राज्य होते हुए भी तेजी से विकास कर रहा है। बेरोजगारी देश की सबसे बड़ी समस्या है। कही भी रोजगार नहीं मिल रहा है। लेकिन बिहार सरकार काबिल युवाओं को नौकरी दे रही है। इसी के साथ उन्होंने इशारों में केन्द्र सरकार भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने हर साल 2 करोड़ रोजगार का वादा किया था आज 8 साल बाद कितना रोजगार मिला उनको बताना चाहिए।

तेजस्वी यादव ने कहा कि मेरे जिम्मे स्वास्थ्य विभाग है। इसमें हम आगे आने वाले वक्त में 1.5 लाख नौकरियां देने जा रहे हैं। सीएम नीतीश कुमार ने गांधी मैदान से 20 लाख नौकरी और रोजगार देने का वादा किया है। केन्द्र सरकार से हमें कोई मदद नहीं मिल रही है। हम अपने संसाधन से बिहार में नौकरियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे रास्ते पर चल कर ही केन्द्र सरकार ने 75हजार नियुक्ति पत्र का वितरण किया। लेकिन केन्द्र के जिम्मे अभी लाखों नौकरियां पड़ी हैं लेकिन उन्हें नहीं भरा जा रहा ।

डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने मौके पर नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि थोड़ी ही देर पहले बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने कहा कि कोई गड़बड़ करने की जरुरत नहीं है। आप लोग उन्हें फॉलो कीजिए उनसे सीखिए। सीखने की कोई उम्र नहीं होती। उन्होंने कहा कि मैं भी सीएम नीतीश कुमार से सीख रहा हूं। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे देश के सबसे अनुभवी मुख्यमंत्री के साथ काम करने का मौका मिला है।

पटना से अविनीश सिंह की रिपोर्ट ...