वैनी बाजार से निकली थी मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा,बिरौली चौक के पास हुआ हादसा;झुलसे युवक को निजी क्लीनिक में कराया गया भर्ती
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में मां काली की प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। वैनी थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम निकाली गई शोभायात्रा में करतब दिखा रहे एक कलाकार के मुंह से निकला ज्वलनशील तरल एक युवक के शरीर पर गिर गया। इसके बाद युवक आग की चपेट में आकर झुलस गया। घटना का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

मिली जानकारी के अनुसार, वैनी बाजार से मां काली की प्रतिमा विसर्जन को लेकर भव्य शोभायात्रा निकाली गई थी। शोभायात्रा में कई कलाकार झांकियों और विभिन्न करतबों के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ कलाकार मुंह से ज्वलनशील तरल पदार्थ निकालकर आग के करतब दिखा रहे थे।

बताया जाता है कि शोभायात्रा जब बिरौली चौक के समीप पहुंची, तभी करतब दिखा रहे एक कलाकार के मुंह से निकला ज्वलनशील तरल वहां मौजूद एक युवक के शरीर पर जा गिरा। देखते ही देखते युवक आग की चपेट में आ गया। अचानक हुई इस घटना से शोभायात्रा में अफरा-तफरी मच गई।

हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और झुलसे युवक को इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक का उपचार कराया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हादसे का वीडियो

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शोभायात्रा के दौरान कलाकारों द्वारा आग के करतब दिखाए जाने के बीच हादसे की घटना सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, झुलसे युवक की पहचान और उसकी वर्तमान स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

धार्मिक आयोजन के दौरान हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था और ऐसे खतरनाक करतबों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।